महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने महिलाओं और बच्चों से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता, समन्वय और प्रभावी सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एकीकृत डिजिटल पोर्टल ‘पंखुड़ी’ का शुभारंभ किया है। इस पोर्टल का उद्घाटन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया।
‘पंखुड़ी’ को एक सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जो कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से जुड़े योगदानकर्ताओं, कॉर्पोरेट संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों, अनिवासी भारतीयों (NRI), सामाजिक कार्यकर्ताओं और सरकारी एजेंसियों को एक साझा मंच पर जोड़ता है।
यह पोर्टल पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE), बाल संरक्षण एवं पुनर्वास, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए जाने वाले स्वैच्छिक और संस्थागत प्रयासों को सुव्यवस्थित करता है। इसके माध्यम से CSR और स्वैच्छिक योगदान के लिए एक समान डिजिटल इंटरफेस उपलब्ध कराया गया है, जिससे विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
सरकार का मानना है कि ‘पंखुड़ी’ पोर्टल महिलाओं और बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की निगरानी, प्रभावी क्रियान्वयन और परिणामोन्मुखी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल डिजिटल तकनीक के माध्यम से देशभर में समावेशी और सहयोगात्मक विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
इस पोर्टल से देश के 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों, 5,000 बाल देखभाल संस्थानों, 800 वन-स्टॉप सेंटर, 500 से अधिक शक्ति निवास और 400 से अधिक शक्ति सदनों में उपलब्ध बुनियादी ढांचे और सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।



Admin






