kotha
post authorAdmin 09 Jan 2026

उत्तराखंड: अंकिता मामले में माता-पिता की बातों पर सरकार जल्द लेगी निर्णय, सीएम धामी बोले–कानूनी पहलुओं पर हो रहा विचार.

देहरादून।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड सरकार जल्द अहम निर्णय ले सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि अंकिता के माता-पिता द्वारा रखी गई बातों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और सभी निर्णय कानूनी सलाह के आधार पर लिए जाएंगे।

देहरादून में जिला विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बहन-बेटी की हत्या का मामला अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक पीड़ा अंकिता के माता-पिता को हुई है और सरकार उनकी भावनाओं का पूरा सम्मान करती है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यदि अंकिता के माता-पिता किसी भी प्रकार की जांच की मांग करते हैं, तो सरकार उसके लिए पूरी तरह तैयार है। मुलाकात के दौरान माता-पिता ने कुछ बिंदु साझा किए हैं, जिन पर विधिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लिया जाएगा।

सीएम धामी ने इस मामले पर राजनीति करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अंकिता की मृत्यु पर राजनीति करने वालों को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने वायरल ऑडियो और भ्रामक सामग्री के जरिए प्रदेश में अस्थिरता फैलाने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कानून अपना काम करता रहेगा। दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद बने हालातों को देखते हुए राज्य स्तर पर एसआईटी भी जांच कर रही है। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ेगी।