kotha
post authorAdmin 10 Jan 2026

तीन दिवसीय ‘राज्योत्सव’ का भव्य शुभारंभ: सुबह कीर्तन मंडली प्रतियोगिता, शाम को गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों ने बांधा समां.

नई दिल्ली: घुघुती फाउंडेशन द्वारा दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 स्थित रेडफॉक्स पार्क में आयोजित तीन दिवसीय ‘राज्योत्सव’ सांस्कृतिक महोत्सव का आज रंगारंग शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन घुघुती फाउंडेशन के नागेंद्र दत्त शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया।

सुबह के सत्र में उत्तराखंड की लोक आस्था और भक्ति परंपरा को समर्पित उतराखंडी भजन-कीर्तन मंडली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 10 टीमों के लगभग 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रेखा चौहान, उर्मिला ढोंडियाल और संगीता अजनवी ने निभाई। सभी टीमों ने उत्तराखंड के पारंपरिक भजनों और कीर्तनों की सशक्त प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड कीर्तन मंडली, न्यू कोंडली (दिल्ली) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, मां नारायणी कीर्तन मंडली, मयूर विहार (दिल्ली) द्वितीय स्थान पर रही, जबकि दुर्गा कीर्तन मंडली, खोड़ा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

शाम के सत्र में उत्तराखंड के लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों की धूम रही। ‘धरती हमरा गढ़वाल की…’ गीत से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उन्होंने ‘त्रिजुगीनारायण’, ‘यखी पहाड़ों मा जड्डु ह्वेगे भारी’, ‘फूल फूल बोलू के बुरांस बोलू’, ‘लागी भटूली’ सहित अनेक सुपरहिट गीतों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं लोकगायक अनिल बिष्ट ने ‘हनुमंत बलबीरा’ और ‘ऐजा ए भानुमति पाबो बजारा’ जैसे गीतों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम का संचालन गणेश खुगशाल ‘गणि’, आयुषी जुयाल और प्रशांत गगोड़िया ने किया। आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संगीत और परंपराओं को देश की राजधानी में संरक्षित व प्रचारित करना है, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में उत्तराखंडी प्रवासी, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।