kotha
post authorAdmin 30 Jan 2026

उत्तराखंड शिक्षा विभाग को मिले 1035 नए सहायक अध्यापक, मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र.

देहरादून।
उत्तराखंड शिक्षा विभाग को आज बड़ी मजबूती मिली है। राज्य में 1035 नए सहायक अध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नव-नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इन नियुक्तियों में 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं, जो दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को नई दिशा देंगे। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से उत्तराखंड के भविष्य को गढ़ने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वह न केवल अपना जीवन संवारता है, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी योगदान देता है। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार होते हैं।

उन्होंने नव-नियुक्त शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध भी विकसित करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

राज्य में विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सके।