kotha
post authorAdmin 01 Feb 2026

ऋषिकेश के गोविंद नगर से हटेगा कूड़े का पहाड़, शासन से मिली मंज़ूरी.

ऋषिकेश के गोविंद नगर क्षेत्र में लंबे समय से जमा लीगेसी वेस्ट यानी पुराने कूड़े के विशाल ढेर के निस्तारण का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम को इस संबंध में शासन से औपचारिक अनुमति मिल चुकी है। राज्य वित्त से बजट आवंटित होते ही कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

गोविंद नगर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में वर्षों से कचरे का बड़ा ढेर जमा है। इससे पहले नगर निगम ने एक निजी एजेंसी के साथ कूड़ा निस्तारण का अनुबंध किया था, लेकिन अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद भी बड़ी मात्रा में लीगेसी वेस्ट वहीं पड़ा रह गया।

बरसात के बाद हालात और गंभीर हो गए थे, जिसके चलते नगर निगम प्रशासन लगातार शासन से पत्राचार कर रहा था। अब शासन की स्वीकृति मिलने के बाद इस कूड़े को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट के अनुसार, राज्य वित्त आयोग से बजट उपलब्ध कराया जाएगा और तय मानकों के अनुसार लीगेसी वेस्ट का निस्तारण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के पर्यावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य को राहत मिलेगी।

परिवहन विभाग को मिलेंगे 30 लाख रुपये

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत नगर निगम प्रशासन की ओर से परिवहन विभाग, ऋषिकेश को 30 लाख रुपये का बजट दिया जाएगा। इस राशि से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का विकास किया जाएगा।

इस बजट से रोड साइन, कैट आई और अन्य यातायात सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त कार्यालय में हुई बैठक में एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि यातायात पुलिस और लोनिवि के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया है। हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि चौक-चौराहों के पूर्ण विकास के लिए यह बजट कम पड़ सकता है।