kotha
post authorAdmin 02 Feb 2026

ऋषिकेश: बापूग्राम बचाने सड़क पर उतरे लोग | राहुल गांधी को पत्र.

ऋषिकेश | पराज स्पर्श न्यूज़

ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में भूमि प्रकरण को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है।
बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग आईडीपीएल हॉकी मैदान में एकजुट हुए और अपनी भूमि को बचाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में बापूग्राम, गीता नगर, मीरा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस भूमि को वन विभाग और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण बताकर खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है, वह ऐतिहासिक पुनर्वास से जुड़ी हुई है।

इस पूरे मामले को लेकर नगर निगम ऋषिकेश के पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने लिखा है कि वह यह पत्र भारी मन और गहरी पीड़ा के साथ लिख रहे हैं। यह केवल उनकी व्यक्तिगत चिंता नहीं, बल्कि ऋषिकेश के बापूग्राम, पशुलोक, शिवाजी नगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लगभग एक लाख नागरिकों की सामूहिक पीड़ा है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि यह मामला केवल भूमि के एक टुकड़े का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के आशियानों और उनके भविष्य से जुड़ा हुआ है।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि जिस भूमि को आज अतिक्रमण कहा जा रहा है, उसका संबंध भारत की आज़ादी के इतिहास से है और यह पुनर्वास महात्मा गांधी की प्रेरणा से स्थापित हुआ था।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐतिहासिक तथ्यों को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले पुनर्विचार किया जाए।