उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश रोडवेज की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में अब तक दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस नेरवा (हिमाचल प्रदेश) से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF), स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
खाई की गहराई और दुर्गम पहाड़ी रास्ते के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।



Admin






