उत्तराखंड की महिलाओं की मेहनत और पहाड़ की शुद्ध परंपरा से बना ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। लॉन्चिंग के दो वर्षों के भीतर इस ब्रांड की कुल बिक्री 3.7 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है।
दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इस ब्रांड का उद्घाटन किया गया था। इसके बाद से ही हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
ग्रामीण विकास विभाग के अधीन संचालित यह कॉमन ब्रांड महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ता है। वर्तमान में इसके 50 विशिष्ट उत्पाद बाजार में उपलब्ध हैं, जिनमें पहाड़ की दालें, पारंपरिक अनाज, मिलेट्स बिस्किट, चाय, तेल, पर्सनल केयर और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद शामिल हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद आज ऑफलाइन स्टोर्स के साथ-साथ जियो मार्ट, अमेज़न, ब्लिंकिट, बिग बास्केट और आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं। आने वाले समय में इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की महिलाओं और किसानों की आर्थिक स्थिति सशक्त हुई है।



Admin






