देहरादून।
उत्तराखण्ड में पंजीकृत श्रमिकों के कौशल विकास को पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली (Training Management System – TMS) का शुभारंभ किया।
यह पोर्टल उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) द्वारा श्रम विभाग के माध्यम से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को आधुनिक, रोजगारोन्मुख और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पूर्णतः ऑनलाइन और पारदर्शी बनाए जाने से न केवल डुप्लीकेसी पर रोक लगेगी, बल्कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य के उद्यमियों से कौशल आवश्यकताओं के संबंध में नियमित फीडबैक लेने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण को रोजगार से सीधे जोड़ा जाना आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्लम्बर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि TMS पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाताओं, प्रशिक्षण केंद्रों, मूल्यांकनकर्ताओं और प्रशिक्षकों का चयन भारत सरकार में इम्पैनल्ड एवं प्रमाणित संस्थाओं के माध्यम से पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया से किया जाएगा।
श्रमायुक्त पी.सी. दुमका द्वारा पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपस्थिति और मूल्यांकन भी डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Admin






