कोटद्वार नगर में कपड़े की दुकान के नाम को लेकर उपजे विवाद के बाद हालात लगातार संवेदनशील बने हुए हैं। पटेल मार्ग स्थित दुकानदार वकील अहमद की दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने अब तक तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
इस बीच सांसद चंद्रशेखर समेत कुछ राजनीतिक नेताओं के कोटद्वार पहुंचने की सूचना के बाद पौड़ी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सीमा क्षेत्रों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी स्वयं मौके पर डटे हुए हैं, पुलिस बल को लगातार ब्रीफ किया जा रहा है। कोटद्वार शहर में पैदल मार्च, सघन चेकिंग और निगरानी तेज कर दी गई है।
पूरा मामला तब और गरमा गया, जब दीपक कुमार द्वारा खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताए जाने के बाद सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। मुस्लिम समाज के कुछ संगठनों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विपक्षी दलों ने दीपक के समर्थन में आवाज उठाई है।
इस विवाद पर राहुल गांधी सहित कई नेताओं की सोशल मीडिया प्रतिक्रिया के बाद सियासी तापमान और बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार-
पहला मुकदमा दुकानदार वकील अहमद की शिकायत पर बजरंग दल के अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ।
दूसरा मुकदमा बजरंग दल कार्यकर्ता कमलपाल की ओर से दीपक उर्फ अक्की (मोहम्मद दीपक) और कांग्रेस नेता विजय रावत सहित अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया।
तीसरा मुकदमा बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार द्वारा देहरादून और हरिद्वार से पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराया गया।
पुलिस को आशंका है कि यदि दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में कोटद्वार पहुंचे, तो कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी कारण प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।



Admin






