kotha
post authorAdmin 05 Feb 2026

ऋषिकेश में गैस माफिया पर बड़ी कार्रवाई: निर्माणाधीन मकान से 134 सिलिंडर, दो लोडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त.

ऋषिकेश।
लक्कड़घाट क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग की सूचना पर पूर्ति विभाग ने पुलिस बल के साथ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मंगलवार देर रात ज्ञान माता मंदिर के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान पर छापा मारकर कुल 134 गैस सिलिंडर, दो लोडर वाहन और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए।

पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने बताया कि लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि घरेलू एलपीजी सिलिंडरों से गैस निकालकर व्यावसायिक सिलिंडरों में भरी जा रही है। इसी आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके पर घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडरों का अवैध भंडारण भी मिला।

कार्रवाई के दौरान अवैध रिफिलिंग में संलिप्त लोग झाड़ियों के रास्ते फरार हो गए। मौके से 71 सिलिंडर, 15 बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण), गैस रिफिलिंग मोटर और पास के खेत में खड़े दो लोडर वाहन बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि एक लोडर ऋषिकेश नंबर और दूसरा दिल्ली नंबर पर पंजीकृत है। ऋषिकेश नंबर के वाहन में 28 और दिल्ली नंबर के वाहन में 35 व्यावसायिक सिलिंडर लदे पाए गए। आसपास के लोगों से पूछताछ में किसी ने भी वाहनों पर स्वामित्व का दावा नहीं किया।

इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को जब्त कर आईडीपीएल पुलिस चौकी में खड़ा कराया। वाहनों में लदे व्यावसायिक सिलिंडरों को त्रिवेणी गैस सर्विस के सुपुर्द किया गया।
कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।