सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत और नई उम्मीद लेकर आई है यह खबर। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने छह प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की मुख्य परीक्षाओं और साक्षात्कार की संभावित तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा के अनुसार, उत्तराखंड सचिवालय एवं लोक सेवा आयोग की अपर निजी सचिव परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की जाएगी। वहीं महिला कल्याण विभाग की अधीक्षिका परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च को होगी।
उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2023 की मुख्य परीक्षा 21 से 24 अप्रैल के बीच प्रस्तावित है। इसके अलावा उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल 2026 तक कराई जाएगी, जबकि सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के साक्षात्कार 16 मार्च से शुरू होंगे।
हालांकि, डेयरी विकास विभाग के सहायक निदेशक परीक्षा-2025 को फिलहाल अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। वहीं समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा पहले ही सितंबर 2025 में हो चुकी है और अब कंप्यूटर परीक्षा की तिथि परिणाम के बाद घोषित की जाएगी।



Admin






