देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में बहुप्रतीक्षित फिल्म जलमभूमि के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक के. राम नेगी एवं पूरी फिल्म टीम को शुभकामनाएँ और बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जलमभूमि” जैसी फिल्में समाज से जुड़े ज्वलंत विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती हैं और सिनेमा के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि यह फिल्म आगामी 6 फरवरी को रिलीज होने जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण तेजी से एक आदर्श फिल्म निर्माण राज्य के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर नीतिगत और प्रशासनिक सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि उत्तराखंड की फिल्म नीति को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिसके अंतर्गत सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को त्वरित और पारदर्शी अनुमति प्रदान की जा रही है। शूटिंग प्रक्रिया को सरल, समयबद्ध और सुगम बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा फिल्म शूटिंग पर सब्सिडी, स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार, तथा स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के माध्यम से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म मानचित्र पर स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि फिल्म नीति का उद्देश्य केवल शूटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिल रही है। वेब सीरीज, डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिल्म और फीचर फिल्मों को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक दुर्गेश लाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने फिल्म “जलमभूमि” की सफलता की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भविष्य में भी रचनात्मक उद्योगों को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।



Admin






