उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है, जहाँ जहरीली शराब पीने से जनजाति समाज के वरिष्ठ नेता और एक व्यवसायी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर हालत में जीवन और मृत्यु से संघर्ष कर रहा है।
मृतकों की पहचान कंजाबाग बैंक्वेट हॉल के स्वामी 52 वर्षीय ढिल्लू राणा और मलकीत सिंह राणा के रूप में हुई है। वहीं, अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की हालत नाज़ुक बनी हुई है और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों लोग एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कंजाबाग चौराहा स्थित एक शराब की दुकान से शराब खरीदी और बैंक्वेट हॉल में बैठकर उसका सेवन किया। कुछ ही देर बाद तीनों को शरीर में तेज़ जलन, उल्टी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान ढिल्लू राणा की मौत हो गई। बाद में बरेली में उपचार के दौरान मलकीत राणा ने भी दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों ने किसी रासायनिक और अत्यंत जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। पुलिस और आबकारी विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि शराब में ज़हर मिलाकर एक सुनियोजित हत्या की साजिश रची गई।



Admin






