नई दिल्ली। राष्ट्रपति सचिवालय ने बुधवार को आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति भवन स्थित विश्व-प्रसिद्ध अमृत उद्यान को 3 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खोला जाएगा।
इस अवधि में देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और नागरिक सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक (अंतिम प्रवेश 5:15 बजे) उद्यान की सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, हर मंगलवार को उद्यान रखरखाव कार्य के कारण बंद रहेगा। इसके अलावा, होली पर्व के अवसर पर 4 मार्च 2026 को भी अमृत उद्यान में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और आगंतुकों को राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पहले से ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। सभी आगंतुकों का प्रवेश और निकास राष्ट्रपति भवन परिसर के गेट नंबर 35 से होगा।
आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक हर 30 मिनट में संचालित होगी, जिसे ‘अमृत उद्यान के लिए शटल सेवा’ बैनर से पहचाना जा सकेगा।



Admin






