kotha
post authorAdmin 23 Jan 2026

चारधाम यात्रा 2026 को लेकर बड़ी खुशखबरी, 11 दिन पहले खुलेंगे कपाट, तैयारियां तेज.

उत्तराखंड से श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और शुभ खबर सामने आई है। विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा वर्ष 2026 में पिछले साल की तुलना में 11 दिन पहले शुरू होने जा रही है। इस बार यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होगा।

अक्षय तृतीया के दिन ही गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। पिछले वर्ष 2025 में चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हुई थी, लेकिन इस बार शुभ तिथि के संयोग के कारण यात्रा पहले ही प्रारंभ हो रही है।

यात्रा अवधि के बढ़ने से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक समय मिलेगा, वहीं उत्तराखंड के पर्यटन कारोबार को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। होटल व्यवसायी, टैक्सी संचालक और स्थानीय व्यापारी इस फैसले से उत्साहित नजर आ रहे हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया का दिन अत्यंत शुभ माना जाता है। शास्त्रों में कहा गया है कि इस दिन किए गए शुभ कार्य कभी निष्फल नहीं होते। इसी कारण बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने की प्रक्रिया भी इसी तिथि से जुड़ी मानी जाती है।

बीते साल की चुनौतियों से सबक

वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा कई चुनौतियों से प्रभावित रही थी। सीमा पर तनाव और धरालीथराली क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं के चलते कई बार यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इन परिस्थितियों से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन पहले से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

प्रशासनिक तैयारियां तेज

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने ऋषिकेश में प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा पूरी कर ली है। सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और श्रद्धालुओं के पंजीकरण को लेकर विस्तृत योजना बनाई जा रही है। जल्द ही मुख्य सचिव स्तर पर अंतिम समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।