kotha
post authorAdmin 24 Jan 2026

वर्दी घोटाले पर सख्त एक्शन: CM धामी ने DIG अमिताभ श्रीवास्तव को किया निलंबित, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का संदेश.

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट जनरल) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी व अन्य सामग्री की खरीद से जुड़ा है, जिसमें टेंडर प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए।
महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून की रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, एक करोड़ रुपये मूल्य की वर्दी और उपकरणों की खरीद तीन करोड़ रुपये में की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से बाजार भाव से तीन गुना अधिक दरों पर सामग्री खरीदी गई।

महानिदेशक पीवीके प्रसाद की संस्तुति पर मुख्यमंत्री ने न केवल डीसीजी अमिताभ श्रीवास्तव को निलंबित किया, बल्कि पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।