देहरादून।
लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी को देखते हुए उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने प्रदेशभर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए और 24 घंटे सतत निगरानी रखी जाए।
UPCL के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
एमडी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर अनिवार्य रूप से तैनात रहें और किसी भी परिस्थिति में ड्यूटी न छोड़ें। यदि कहीं विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो उसे न्यूनतम समय में बहाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य “जीरो रिस्पॉन्स टाइम” होना चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए UPCL ने मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 7579179109 जारी किया है। बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।
UPCL प्रबंधन ने बताया कि प्रदेशभर के 33/11 केवी उपकेंद्रों, फीडरों और वितरण ट्रांसफार्मरों की लगातार निगरानी की जा रही है। निवारक रख-रखाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही सभी क्षेत्रीय और मंडलीय अधिकारियों को ट्रांसफार्मर, केबल, कंडक्टर, इंसुलेटर और अन्य आवश्यक विद्युत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जा सके।



Admin






