देहरादून से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है।
उत्तराखंड कांग्रेस के चार वरिष्ठ नेताओं को पार्टी हाईकमान ने राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंपी है। यह जिम्मेदारी कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान से जुड़ी हुई है, जिसे पार्टी भविष्य की रणनीति के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को नागालैंड में संगठन सृजन अभियान का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला को भी नागालैंड में यह अहम जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, बदरीनाथ से विधायक लखपत बुटोला और अल्मोड़ा से विधायक मनोज तिवारी को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान की देखरेख सौंपी गई है।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल की ओर से बिहार, उत्तर प्रदेश, नागालैंड, गोवा, मणिपुर और मेघालय जैसे राज्यों के लिए संगठन सृजन अभियान के तहत पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
इन राज्यों में नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि यह अभियान राहुल गांधी की सोच पर आधारित है, जिसमें जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम जनता की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान ऐसे नेताओं को आगे लाने का माध्यम बनेगा, जिन्हें वास्तव में पार्टी और जनता चाहती है।
उत्तराखंड कांग्रेस के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य के चार नेताओं को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में शामिल किया गया है। पार्टी का मानना है कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को आने वाले चुनावों के लिए और अधिक मजबूत बनाएगा।



Admin






