kotha
post authorAdmin 26 Jan 2026

“आवाज़ सुनो पहाड़ों की” फिल्म फेस्टिवल 2026 में मुख्यमंत्री धामी की सहभागिता, उत्तराखंड को ग्लोबल फिल्म हब बनाने का संकल्प.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज “आवाज़ सुनो पहाड़ों की – फिल्म फेस्टिवल 2026” में प्रतिभाग कर उत्तराखंड को वैश्विक फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह के सौंदर्यीकरण की घोषणा की तथा “श्रद्धा सम्मान” पुस्तिका का विमोचन और “आवाज़ सुनो पहाड़ों की – सीजन 2” का भव्य शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक फिल्म फेस्टिवल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को वैश्विक मंच देने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से राज्य की सांस्कृतिक विरासत, खान-पान और प्राकृतिक सौंदर्य को नई पहचान मिलती है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नई फिल्म नीति के अंतर्गत उत्तराखंड में शूट की गई फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक और क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 2 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। ऑनलाइन अनुमति, सिंगल विंडो सिस्टम और शून्य शूटिंग शुल्क से फिल्मकारों को बड़ी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का अपना ओटीटी प्लेटफॉर्म “वीडियोज़ अलार्म” आज 18 से अधिक देशों तक पहुंच बना चुका है। भविष्य में फिल्म सिटी, स्टूडियो, पोस्ट-प्रोडक्शन हाउस और फिल्म संस्थान स्थापित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, सचिव संस्कृति युगल किशोर पंत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।