kotha
post authorAdmin 26 Jan 2026

गणतंत्र दिवस पर सूचना विभाग की झांकी ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान किया हासिल.

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग की झांकी ने उत्कृष्ट प्रस्तुति के दम पर लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया।

रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” थीम पर आधारित इस झांकी में उत्तराखण्ड के 25 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और पर्यटन संभावनाओं का जीवंत प्रदर्शन किया गया।

झांकी के प्रथम खंड में मुखवा स्थित गंगा मंदिर को दर्शाया गया, जो माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल है। अग्रिम केबिन में उत्तराखण्ड गठन के 25 गौरवशाली वर्षों को रेखांकित किया गया, जिसमें राज्य की उपलब्धियाँ, सांस्कृतिक पहचान और निरंतर प्रगति को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।

झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखण्ड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रदर्शित किया गया। इसमें औषधीय पौधों, जड़ी-बूटियों और प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों की समृद्ध परंपरा को दर्शाया गया। इसी क्रम में होम-स्टे योजना को भी प्रस्तुत किया गया, जो ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार की अहम पहल है।

इसके बाद झांकी में खरसाली स्थित यमुना मंदिर को दर्शाया गया, जो माँ यमुना का शीतकालीन धाम है। अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से उत्तराखण्ड की वर्ष-दर-वर्ष प्रगति को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया।

झांकी के पार्श्व भाग में राज्य में लागू किए गए नए कानूनों को दर्शाया गया, जो सुशासन और मजबूत कानून व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। संपूर्ण झांकी की पृष्ठभूमि में की गई ऐंपण कला की सजावट ने पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ते हुए दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।