kotha
post authorAdmin 27 Jan 2026

कांग्रेस विधायक पर कार्यकर्ता को धमकाने का आरोप, ऑडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी.

हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में सियासी हलचल उस वक्त तेज हो गई, जब कांग्रेस विधायक रवि बहादुर पर एक पार्टी कार्यकर्ता को फोन पर धमकाने का आरोप लगा। आरोपों से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुभाषनगर निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता जितेंद्र चौधरी ने ज्वालापुर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 25 जनवरी की शाम वह सीतापुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से विधायक की कार गुजरी। आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद विधायक ने उसे फोन कर धमकी दी।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि विधायक से उसकी पुरानी राजनीतिक रंजिश है और पहले भी उसे धमकियां दी जा चुकी हैं। वायरल ऑडियो में विधायक कथित तौर पर यह कहते सुने जा रहे हैं— “दिन खराब आ रहे हैं क्या, मुझे घूरकर देख रहा है?”

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बाजार चौकी प्रभारी को जांच सौंपी गई है। वहीं, विधायक रवि बहादुर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता का आपराधिक इतिहास रहा है और आरोप राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं।