kotha
post authorAdmin 27 Jan 2026

India-EU FTA: 27 यूरोपीय देशों के बाजार में भारत की ऐतिहासिक एंट्री, 99.5% व्यापार पर शुल्क रियायत.

भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर दो दशकों से चली बातचीत अब पूरी हो गई है। मंगलवार को दोनों पक्षों ने आधिकारिक रूप से इस समझौते को अंतिम रूप देने की घोषणा की।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस ऐतिहासिक समझौते के तहत भारत के परिधान, रसायन, जूते-चप्पल सहित अधिकांश घरेलू उत्पादों को 27 यूरोपीय देशों के बाजार में शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी। इसके साथ ही यूरोपीय संघ को भारतीय बाजार में कारों और वाइन जैसे उत्पादों पर रियायती शुल्क के साथ प्रवेश मिलेगा।

अधिकारी ने बताया कि वाहन और इस्पात को छोड़कर भारत के 93 प्रतिशत से अधिक उत्पादों को यूरोपीय संघ में शून्य-शुल्क पहुंच मिलेगी। शेष लगभग छह प्रतिशत उत्पादों को चरणबद्ध शुल्क कटौती और कोटा-आधारित रियायतें दी जाएंगी।

समझौते के लागू होते ही पहले दिन ईयू भारत के 90 प्रतिशत उत्पादों पर आयात शुल्क समाप्त कर देगा। शेष तीन प्रतिशत वस्तुओं पर शुल्क को सात वर्षों में चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जाएगा।

इस तरह यूरोपीय संघ द्वारा भारत को व्यापार मूल्य के 99.5 प्रतिशत हिस्से पर रियायत दी जा रही है। वहीं भारत भी 10 वर्षों में ईयू के 93 प्रतिशत उत्पादों को शुल्क-मुक्त पहुंच देगा। यह समझौता अगले वर्ष की शुरुआत में लागू होने की संभावना है और इसे अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक समझौता माना जा रहा है, जिससे लगभग दो अरब लोगों का साझा बाजार तैयार होगा।