kotha
post authorAdmin 27 Jan 2026

उत्तराखंड: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई महिला, रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसे से मौत.

रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नाला में एक हृदयविदारक हादसे में महिला की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिनीता देवी, पत्नी कुशलानंद तिवारी, निवासी नाला, गुप्तकाशी, पेड़ पर चढ़कर चारा-पत्ती काट रही थीं। इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गईं, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वह पेड़ पर ही अचेत हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, विद्युत विभाग, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। विद्युत आपूर्ति बंद कर महिला को नीचे उतारा गया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुप्तकाशी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। इससे पहले अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर क्षेत्र में भी करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो चुकी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।