kotha
post authorAdmin 12 Feb 2026

“शी फॉर स्टेम योजना: उत्तराखंड के हर जनपद में 5 छात्राओं को छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री धामी का बड़ा ऐलान”.

देहरादून, 11 फरवरी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस के अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि ‘शी फॉर स्टेम’ कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड के प्रत्येक जनपद में पांच छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय, सुद्धोवाला (प्रेमनगर, देहरादून) में आयोजित ‘शी फॉर स्टेम उत्तराखण्ड’ कार्यशाला के दौरान की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 20 प्रतिभाशाली छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि STEM क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करने की इच्छुक छात्राओं को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे तथा महिला प्रौद्योगिकी केंद्रों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि STEM—अर्थात साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स—के क्षेत्रों में बेटियों की भागीदारी बढ़ाना विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत में STEM से स्नातक होने वाले विद्यार्थियों में लगभग 42-43 प्रतिशत छात्राएँ हैं, जो कई विकसित देशों से अधिक है।

प्रेरणादायक उदाहरण

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक और आधुनिक काल की महान महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में नारीशक्ति सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने अन्ना मणि, कमला सोहोनी, डॉ. टेसी थॉमस और डॉ. ऋतु करिधल जैसी विभूतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि अवसर मिलने पर महिलाएं राष्ट्र को नई दिशा देने का सामर्थ्य रखती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें चंद्रयान-3, आदित्य L1 और गगनयान प्रमुख हैं।

राज्य में विज्ञान अवसंरचना

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की गई है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। राज्य में STEM लैब्स, डिजिटल लाइब्रेरी, एआई एवं रोबोटिक्स लैब्स, ड्रोन और सेमीकंडक्टर प्रयोगशालाओं की स्थापना को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, सचिव रंजीत सिन्हा तथा यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।