kotha
post authorAdmin 12 Feb 2026

“वृक्ष हमारे प्राण वायु, संरक्षण हर मानव का कर्तव्य: सावित्री देवी ममगाईं”.

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड कल्जीखाल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नलई में सामाजिक संस्था समलौण द्वारा “शैक्षिक उत्थान एवं पर्यावरण संरक्षण” विषय पर संगोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए “पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरण चेतना” विषय पर भाषण प्रतियोगिता कराई गई।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कुमारी दीपिका (कक्षा 12) ने प्रथम, कुमारी नीतू (कक्षा 12) ने द्वितीय तथा कुमारी करिश्मा (कक्षा 12) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कुमारी पावनी नेगी, कुमारी नैंसी एवं कुमारी पावनी-2 को सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कोमल नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों को पर्यावरण के महत्व को समझाना समय की आवश्यकता है।

समलौण आंदोलन की राज्य संयोजिका श्रीमती सावित्री देवी ममगाईं ने कहा, “वृक्ष हमारे प्राणवायु हैं। उनका संरक्षण करना प्रत्येक मानव का परम कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि निरंतर जंगलों की कटाई से वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास संकट में पड़ रहा है, जिससे वे गांवों की ओर रुख कर रहे हैं।

जिला संयोजक पवन पटवाल ने “समलौण पौध” अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जीवन के प्रत्येक संस्कार — जन्म, नामकरण, जन्मदिन, विवाह एवं पिंडदान — के अवसर पर पौधारोपण की परंपरा विकसित की जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय को समलौण पौधा भेंट किया गया। संचालन सावित्री देवी ममगाईं एवं पवन पटवाल ने संयुक्त रूप से किया।