kotha
post authorAdmin 13 Feb 2026

ऋषिकेश न्यूज़: हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष समेत तीन पर भड़काऊ बयानबाज़ी का मुकदमा दर्ज.

ऋषिकेश/कोटद्वार। भड़काऊ और आपत्तिजनक बयानबाजी के आरोप में हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष समेत तीन लोगों के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब संगठन के पदाधिकारी कोटद्वार जाने की तैयारी में थे।

जानकारी के अनुसार, कोटद्वार में चल रहे मोहम्मद दीपक प्रकरण के संदर्भ में हिंदू रक्षा दल ने बृहस्पतिवार को वहां जाने का ऐलान किया था। संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क था।

प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा अपने समर्थकों के साथ देहरादून से ऋषिकेश होते हुए कोटद्वार के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम ने उन्हें और लगभग 20 कार्यकर्ताओं को इंद्रमणि बडोनी चौक के पास रोक लिया और एहतियातन कोतवाली ले जाया गया।

कोतवाली के अपर उप निरीक्षक मनीष पंवार की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ललित शर्मा, अंतरराष्ट्रीय धर्म प्रचारक मंडल के महंत अनुपम गिरी और धर्म प्रचारक शिव मोहन बाबा को कोतवाली लाया गया था। बाद में इन लोगों ने कोटद्वार जाने से इनकार कर दिया।

हालांकि, कोतवाली परिसर से बाहर निकलते समय गेट के सामने मौजूद पत्रकारों के समक्ष कथित रूप से भड़काऊ और सामाजिक सद्भाव को प्रभावित करने वाली टिप्पणियां की गईं। पुलिस ने सामाजिक वैमनस्य फैलाने, शांति भंग करने और उकसावे वाली टिप्पणी करने के आरोप में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।