जनपद देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक निर्मित होने वाले मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किमी 1 से 10) का शिलान्यास किया।
इस परियोजना पर कुल 1203.40 लाख रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदृढ़ सड़क अवसंरचना प्रदेश के समग्र विकास की आधारशिला है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सहसपुर के लिए प्रमुख घोषणाएं:
भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति हेतु नलकूप निर्माण
दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला निर्माण
आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम निर्माण
आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता एवं मार्ग निर्माण
आसन नदी पर कृषि भूमि सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण
वार्ड 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र हेतु सुरक्षा पुस्ता
पौंधा में श्मशान घाट सड़क व कटाव रोकथाम कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृशक्ति पहाड़ की अर्थव्यवस्था की धुरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और उत्तराखंड का बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि की अस्मिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।



Admin






