kotha
post authorAdmin 14 Feb 2026

ऋषिकेश न्यूज़: शिकायतें सुनने आए कर्मचारियों को सांड़ों ने दौड़ाया, रामलीला मैदान में मचा हड़कंप.

ऋषिकेश। मुनि की रेती-ढालवाला क्षेत्र के चौदह बीघा स्थित रामलीला मैदान में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिकायतें सुनने पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों को निराश्रित गोवंश के झुंड ने दौड़ा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः लगभग 11 बजे हुआ। शिविर में स्थानीय नागरिक सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश, सीवर की समस्या और क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर शिकायत दर्ज करा रहे थे। शिकायतों के दौरान ही अचानक निराश्रित गोवंश का एक समूह कार्यक्रम स्थल में घुस आया।

समूह में शामिल एक सांड़ विभागीय स्टॉल में घुस गया, जिससे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप का माहौल रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामलीला मैदान से सटे पुल पर अक्सर सांड़ों का जमावड़ा लगा रहता है। इस संबंध में कई बार नगर पालिका प्रशासन से निराश्रित पशुओं को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा निगम के स्टॉल पर एसडीओ नरेंद्र नेगी ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभ बताए। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के नेता विकास रयाल ने गंगा में गिर रहे सीवर नालों को टेप करने की मांग उठाई।

यूकेडी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र भंडारी ने चंद्रभागा नदी में खनन, नदी किनारे पार्किंग निर्माण, वार्ड नंबर नौ में पंचायत घर और पुस्तकालय निर्माण की मांग रखी। उन्होंने क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर चिंता जताते हुए कहा कि रोजाना दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम में मात्र 21 फरियादी पहुंचे, जबकि विभिन्न स्टॉलों पर 441 लोगों ने प्रतिभाग किया और 146 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, डीएसओ मनोज डोभाल, ईओ अंकिता जोशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

हालांकि, स्थानीय वार्डों में शिविर की मुनादी नहीं कराई गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम की जानकारी से वंचित रह गए और पंडाल की कई कुर्सियां खाली रह गईं।

आवारा पशुओं के कब्ज़े में हैं ऋषिकेश की सड़कें, रोज़ हो रहे एक्सीडेंट्स...  देखें तस्वीरें - stray cattle control Roads of rishikesh, cause accidents  daily... see in photos