kotha
post authorAdmin 15 Feb 2026

देहरादून में हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश, SSC-MTS परीक्षा में 10 लाख में पास कराने का खेल उजागर.

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने SSC MTS भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 13 फरवरी 2026 को आयोजित परीक्षा के दौरान देहरादून स्थित परीक्षा केंद्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार (निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश/नागलोई दिल्ली) और भास्कर नैथानी (निवासी देहरादून) के रूप में हुई है।

कैसे हुआ खुलासा?

STF के आईजी नीलेश भरणे ने बताया कि यूपी और उत्तराखंड STF को संयुक्त रूप से इनपुट मिला था कि एक गिरोह अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर मोटी रकम वसूल रहा है। सूचना के आधार पर देहरादून के एमकेपी इंटर कॉलेज स्थित महादेव डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र में दबिश दी गई।

अंडरग्राउंड चेंबर से चल रहा था ऑपरेशन

छापेमारी के दौरान परीक्षा लैब के पास UPS रूम में 24×24 इंच का एक अंडरग्राउंड चेंबर मिला। यहां से दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद हुए, जिन्हें रिमोट एक्सेस के जरिए संचालित किया जा रहा था।

तकनीकी जांच में सामने आया कि इन उपकरणों की मदद से परीक्षार्थियों के कंप्यूटर सिस्टम को रिमोटली एक्सेस कर प्रश्नपत्र हल किए जा रहे थे।

10 लाख रुपये में ‘गारंटीड पास’

STF के अनुसार, गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा में पास कराने के लिए 10 लाख रुपये तक की मांग करता था। मामले में चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक राउटर जब्त किया गया है। परीक्षा केंद्र को सील कर दिया गया है।

पुलिस ने सह-आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है और मामले की जांच जारी है।

Computer Based Test Platform(CBT) | Computer Based Offline Test Platform.