kotha
post authorAdmin 16 Feb 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का किया भव्य शुभारम्भ.

पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क, रुद्रपुर में आयोजित उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 295.21 करोड़ रुपये की लागत से 61 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण किया तथा 171.30 करोड़ रुपये की 35 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, सिंचाई, खेल, शिक्षा एवं अन्य विभाग शामिल हैं।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया और शिव बारात में प्रतिभाग करते हुए जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा उनका पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

प्रमुख घोषणाएँ:

मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर एवं नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा स्थापना

पर्यावरण मित्रों के लिए आवास निर्माण

भूरारानी व गंगापुर रोड चौड़ीकरण

अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण

गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सहित बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़क परियोजनाएँ, मास्टर ड्रेनेज प्लान, बायोगैस प्लांट, कूड़ा प्रबंधन प्लांट, किच्छा में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर एयरपोर्ट के उन्नयन जैसे कार्य प्रगति पर हैं।

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और पारदर्शिता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम में अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।