देहरादून/नैनीताल:
उत्तराखंड के नैनीताल जिले से आठ माह पूर्व लापता हुई 19 वर्षीय युवती को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर से बरामद किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी सोहेल नामक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती मूल रूप से नैनीताल जिले के खैरना-गरमपानी क्षेत्र की निवासी है। युवती के पिता ने हाल ही में थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बाजार में बारबर की दुकान पर काम करने वाला युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ बिजनौर ले गया। परिवार का यह भी आरोप है कि युवती पर दबाव बनाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण, दुष्कर्म, बंधक बनाकर रखने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सकुशल बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
परिवार की चुप्पी पर सवाल
मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि युवती करीब आठ माह पूर्व घर से गई थी, जबकि परिजनों ने तीन माह पूर्व लापता होने की सूचना दी। इस देरी को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस टीम का सम्मान
आरोपी की गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस टीम को सम्मानित किया और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया को सख्त करने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल की जाएगी।



Admin






