नई दिल्ली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने प्रदर्शन से देशवासियों को जश्न मनाने का एक और मौका दे दिया। आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त देते हुए सुपर आठ चरण में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट पर 175 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज इशान किशन ने स्पिन के अनुकूल पिच पर 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने तिलक वर्मा (25 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन) और शिवम दुबे (27 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया। अंत में रिंकू सिंह ने चार गेंदों में नाबाद 11 रन बनाकर टीम का स्कोर 170 के पार पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 25 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि शाहीन शाह अफरीदी को 2 विकेट मिले लेकिन उन्होंने 31 रन खर्च किए।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर तक टीम ने 13 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
टी20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर यह नौ मुकाबलों में आठवीं जीत है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली है।




Admin






