नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में वैश्विक प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
“सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की थीम पर आधारित यह शिखर सम्मेलन मानव-केंद्रित विकास के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जिम्मेदार और समावेशी उपयोग की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में एआई की परिवर्तनकारी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन नवाचार, वैश्विक सहयोग और जिम्मेदार एआई उपयोग पर सार्थक विमर्श का मंच बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि 1.4 बिलियन भारतीयों की शक्ति, मजबूत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, जीवंत स्टार्टअप इकोसिस्टम और अत्याधुनिक अनुसंधान भारत को एआई क्रांति में अग्रणी बना रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा संदेश में लिखा कि “एआई पर चर्चा के लिए पूरी दुनिया भारत में एकत्रित है।”
साथ ही प्रधानमंत्री आज इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन भी करेंगे, जो 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होगा। इस एक्सपो में 400 से अधिक प्रदर्शक — स्टार्टअप, कॉरपोरेट, अकादमिक संस्थान और सरकारी मंत्रालय — भाग ले रहे हैं।




Admin






