kotha
post authorAdmin 17 Feb 2026

पाकिस्तान में जन्म, यूपी में ठिकाना — नाजिया ने दो नामों से बनवाए दो वोटर कार्ड, मेरठ में गिरफ्तारी.

मेरठ में एक चौंकाने वाले मामले में देहली गेट थाना पुलिस ने सोमवार को पाकिस्तानी मूल की महिला सबा मसूद उर्फ नाजिया को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने वर्ष 2003 में दो अलग-अलग नामों से दो वोटर कार्ड बनवाए थे।

पुलिस के अनुसार, सबा लगभग 37 वर्ष पूर्व वर्ष 1988 में लाहौर से शादी के बाद भारत आई थीं। उनका निकाह मेरठ निवासी फरहत मसूद से हुआ था। विवाह के बाद वह लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत आईं और यहीं रहने लगीं। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो का जन्म भारत में हुआ।

एफआईआर के मुताबिक, वर्ष 1993 में सबा पाकिस्तान गईं और वहां 25 मई 1993 को बेटी एमन फरहत का जन्म हुआ। आरोप है कि वापसी के दौरान उन्होंने पाकिस्तानी पासपोर्ट पर बेटी को भारत लाकर यहां स्कूल में दाखिला कराया।

शिकायतकर्ता रुखसाना (निवासी देहली गेट क्षेत्र) ने आरोप लगाया है कि सबा ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारतीय पहचान पत्र बनवाए। साथ ही, उनके पिता के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी Inter-Services Intelligence (ISI) से जुड़े होने का संदेह भी जताया गया है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि खुफिया विभाग के साथ संयुक्त जांच में दो अलग-अलग नामों से वोटर सूची में प्रविष्टियां मिलीं। आरोप सही पाए जाने पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को कोर्ट में पेशी की जाएगी।

हालांकि, आरोपी पक्ष का कहना है कि यह मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है और उनके खिलाफ लगाए गए फर्जी दस्तावेज के आरोप निराधार हैं।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—318(4), 336(3), 338, 340(2), 351(2)—के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही विदेशी अधिनियम की धाराएं बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

Pakistani woman obtained two voter cards in two different names Arrested in Meerut after 23 years

                         पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला