भारत की दिग्गज आईटी कंपनी Infosys ने अमेरिकी एआई कंपनी Anthropic के साथ रणनीतिक साझेदारी का ऐलान किया है। इस सहयोग का उद्देश्य सॉफ्टवेयर, मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और टेलीकम्युनिकेशन सेक्टर में एडवांस एंटरप्राइज एआई सॉल्यूशंस विकसित करना और उन्हें वैश्विक स्तर पर लागू करना है।
कंपनी के बयान के अनुसार, इस साझेदारी के तहत इंफोसिस के एआई प्लेटफॉर्म Infosys Topaz को एंथ्रोपिक के अत्याधुनिक Claude AI मॉडल (Claude Code सहित) के साथ एकीकृत किया जाएगा। इस एकीकरण से जटिल वर्कफ्लो का ऑटोमेशन, सॉफ्टवेयर डिलीवरी में तेजी और विभिन्न उद्योगों के लिए एजेंटिक एआई सॉल्यूशंस विकसित करने में मदद मिलेगी।
टेलीकॉम सेक्टर से होगी शुरुआत
यह साझेदारी सबसे पहले टेलीकम्युनिकेशन सेक्टर में एक समर्पित Anthropic Center of Excellence के साथ शुरू होगी। यहां उद्योग-विशिष्ट एआई एजेंटों का विकास और तैनाती की जाएगी। आगे चलकर इसे फाइनेंशियल सर्विसेज, मैन्युफैक्चरिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में भी विस्तारित किया जाएगा।
फाइनेंशियल सर्विसेज में एआई की भूमिका
सर्विस सेक्टर में एआई एजेंट जोखिम पहचान (Risk Detection), अनुपालन रिपोर्टिंग (Compliance Reporting) के ऑटोमेशन और ग्राहकों के साथ पर्सनलाइज्ड इंटरैक्शन को सक्षम बनाएंगे। इससे वित्तीय संस्थानों की कार्यक्षमता और पारदर्शिता बढ़ेगी।
मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग में तेजी
मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग सेक्टर में Claude मॉडल उत्पाद डिजाइन और सिमुलेशन को गति देगा। इससे अनुसंधान एवं विकास (R&D) में लगने वाला समय कम होगा और इंजीनियर उत्पादन से पहले कई वर्जन का परीक्षण कर सकेंगे।
सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में क्रांति
सॉफ्टवेयर विकास क्षेत्र में टीमें Claude Code का उपयोग कोड लिखने, परीक्षण करने और मौजूदा खामियों को दूर करने के लिए करेंगी। इससे डिजाइन से प्रोडक्शन तक की प्रक्रिया और तेज होगी।
क्या बोले कंपनी प्रमुख?
इंफोसिस के सीईओ Salil Parekh ने कहा कि इस साझेदारी का लक्ष्य इंटेलिजेंट रिस्क मैनेजमेंट, अनुपालन और एआई-संचालित डिजाइन के जरिए वैश्विक उद्यमों के लिए एआई वैल्यू रियलाइजेशन को तेज करना है।
वहीं एंथ्रोपिक के सीईओ और सह-संस्थापक Dario Amodei ने कहा कि डेमो स्तर के एआई और विनियमित उद्योगों में लागू होने वाले एआई के बीच बड़ा अंतर है, जिसे पाटने के लिए गहरी डोमेन विशेषज्ञता जरूरी है — और इंफोसिस के पास यह विशेषज्ञता मौजूद है।




Admin






