kotha
post authorAdmin 18 Feb 2026

Uttarakhand: दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली कराया, पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका.

देहरादून। उत्तराखंड में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी के बाद अब राजधानी देहरादून स्थित दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ईमेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त हुआ, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया तथा पूरे परिसर को खाली कराकर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई।

प्रारंभिक जांच में जिस ईमेल आईडी से धमकी भेजी गई है, उसके पीछे पाकिस्तानी संगठन के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और खुफिया एजेंसियां अभी जांच में जुटी हैं और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने पुष्टि की कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ है। फिलहाल बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल जिला न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। अब तक की जांच में किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस इसे असामाजिक तत्वों की शरारत के रूप में भी देख रही है।

राज्य में लगातार मिल रही धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और साइबर सेल ईमेल की ट्रैकिंग में जुटी है।

District Court Dehradun | India