देहरादून।
उत्तराखंड में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले ही विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रदेश के सरकारी और अशासकीय स्कूलों के कुल 9 लाख 73 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को इस वर्ष 82 लाख से अधिक किताबें वितरित की जाएंगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का लक्ष्य है कि 28 मार्च तक सभी स्कूलों में किताबें पहुंचा दी जाएं, ताकि नए सत्र की शुरुआत बिना किसी देरी के हो सके।
वितरण का विवरण
कक्षा 1 से 8 तक:
6,29,000 से अधिक छात्रों को 43,78,000 से अधिक किताबें
कक्षा 9 से 12 तक:
3,44,000 से अधिक छात्रों को 38,67,000 से अधिक किताबें
हर वर्ष मुफ्त किताबें देने की योजना के बावजूद, अक्सर छात्रों को समय पर पुस्तकें नहीं मिल पाती थीं। कई बार शिक्षा सत्र शुरू होने के छह से सात महीने बाद तक विद्यार्थी किताबों की प्रतीक्षा करते रहे हैं। लेकिन इस बार विभाग ने समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की है।
शिक्षा विभाग का मानना है कि सत्र की शुरुआत में ही किताबें उपलब्ध होने से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
![]()



Admin






