kotha
post authorAdmin 18 Feb 2026

पौड़ी गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत में गर्ल्स करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित.

श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी गढ़वाल):
ब्लॉक खिर्सू स्थित राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत में मंगलवार को छात्राओं के लिए एक विशेष गर्ल्स करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी, मुख्य अतिथि प्रो. डी.एस. नेगी, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रबंधक विनय रावत, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका श्रीमती पुष्पा नेगी तथा एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती रीना रावत द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रो. डी.एस. नेगी, विनय रावत एवं पुष्पा नेगी को शॉल, बैज एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि पुष्पा नेगी ने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ प्रबंधक विनय रावत ने इंटरमीडिएट व स्नातक स्तर की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी साझा करते हुए साइबर क्राइम से बचाव के उपाय भी बताए।

मुख्य अतिथि प्रो. डी.एस. नेगी (पूर्व डीन ऑफ साइंस, गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय) ने मनोविज्ञान के महत्व पर जोर देते हुए कहा,

“जो व्यक्ति मन से कार्य करता है वह कठिन से कठिन कार्य भी कर सकता है। जो मन से हार जाता है वह कभी सफल नहीं हो सकता।”

उन्होंने छात्राओं से परीक्षा को दबाव नहीं, बल्कि स्वयं को सिद्ध करने का अवसर मानने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय द्वारा छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा कक्षा 12 की सात छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उपयोगी पुस्तकें वितरित की गईं। छात्राओं ने वक्ताओं से संवाद कर करियर संबंधी विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

समग्र शिक्षा प्रभारी प्रवीण कुमार भट्ट, राकेश मोहन कंडारी, डॉ. शिवराज रावत, जय लाल सिंगवान सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल शिक्षक नरेंद्र कुमार तिवारी ने किया।

अंत में प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।