देहरादून।
उत्तराखंड की राजधानी में स्थित दून जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर प्राप्त धमकी संदेश के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। परिसर में करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। न्यायालय भवन के हर कोने की बारीकी से जांच की गई।
बुधवार को भी इसी प्रकार का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। उस समय भी न्यायाधीशों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं सहित सभी को बाहर निकाला गया था। लंबी जांच के बाद उस दिन भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, “जिला जज कार्यालय से सूचना प्राप्त हुई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सूचना का त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल परिसर को खाली कर सघन जांच की गई। किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।”
धमकी भरे मेल में कथित तौर पर कई संगठनों का नाम लेकर भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई। पुलिस इस मामले की साइबर जांच भी कर रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और न्यायालय का कामकाज पुनः शुरू कर दिया गया है।

दून जिला न्यायालय



Admin





