देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के तहत उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेशभर में 1000 हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह सभी सम्मेलन 22 फरवरी से पूर्व संपन्न करने की योजना बनाई गई है।
संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 फरवरी को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर देहरादून पहुंचेंगे। वह इन दोनों दिनों में संघ के प्रांत कार्यालय में प्रवास करेंगे।
प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों और क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इन सम्मेलनों में समाज के विभिन्न वर्गों—शिक्षाविदों, उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य नेतृत्वकारी व्यक्तियों—से संवाद किया जाएगा।
22 फरवरी को सरसंघचालक का समाज के प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है, जबकि 23 फरवरी को पूर्व सैनिकों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसके लिए संघ कार्यकर्ताओं द्वारा प्रमुख नागरिकों और सेवानिवृत्त सैनिकों की सूची तैयार कर निमंत्रण भेजे जा चुके हैं।




Admin





