नोएडा। सेक्टर-33 स्थित शिवालिक पार्क में 38वें नोएडा फ्लावर शो का भव्य शुभारंभ हो गया है। 19 से 22 फरवरी तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में 120 से अधिक प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों का प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया।
इस बार प्रदर्शनी की सबसे बड़ी खासियत 20 क्विंटल फूलों से तैयार किया गया 40 फीट ऊंचा और 30 फीट चौड़ा केदारनाथ मंदिर का भव्य स्वरूप है। रंग-बिरंगे फूलों से सजे इस मंदिर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
फ्लावर शो का मुख्य द्वार भी केदारनाथ थीम पर तैयार किया गया है, जिसकी लंबाई करीब 22 फीट और ऊंचाई लगभग 25 फीट है। मंदिर परिसर में फूलों से निर्मित शिवलिंग और लगभग 20 फीट ऊंचा त्रिशूल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।
बच्चों के लिए फूलों से बनाए गए जीव-जंतु और विशाल हाथी की आकृति आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। परिवार और युवा वर्ग के लोग केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए।
पूरे पार्क को आकर्षक लाइटिंग और सजावटी पौधों से सजाया गया है।
पार्किंग व्यवस्था
पार्क के बाहर मुख्य सड़क पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कार: 2 घंटे के लिए ₹20, उसके बाद प्रति घंटा ₹10
दोपहिया वाहन: 2 घंटे के लिए ₹10, उसके बाद प्रति घंटा ₹5
प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है।



Admin






