kotha
post authorAdmin 20 Feb 2026

मुख्यमंत्री धामी से मिले टैक्सी चालक, देहरादून एयरपोर्ट पर निजी कंपनी को टैक्सी संचालन देने का विरोध.

ऋषिकेश/देहरादून: देहरादून के जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट पर टैक्सी संचालन का कार्य एक निजी कंपनी को सौंपे जाने के निर्णय के बाद स्थानीय टैक्सी चालकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी मुद्दे को लेकर देहरादून एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की।

यूनियन के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भारती ने बताया कि जौलीग्रांट क्षेत्र में स्थानीय लोग वर्षों से टैक्सी सेवाएं संचालित कर रहे हैं। जब यह स्थान हवाई पट्टी था, तब से लेकर एयरपोर्ट बनने तक स्थानीय चालकों ने ही यात्रियों को सेवाएं प्रदान की हैं और इसी से अपने परिवारों का पालन-पोषण किया है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा टैक्सी संचालन का कार्य एक निजी कंपनी को दिए जाने से लगभग 500 टैक्सी चालकों के परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

यूनियन सचिव चंद्रकिशोर उनियाल ने इसे स्थानीय युवाओं और चालकों के अधिकारों के खिलाफ बताया। समिति के संरक्षक गुलाब सिंह कैंतुरा, सलाहकार समिति सदस्य एवं सभासद ईश्वर रौथाण ने कहा कि मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात सकारात्मक रही और उन्होंने उचित सहयोग का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट प्रशासन से भी बातचीत की। प्रतिनिधिमंडल में सुंदर सिंह पंवार, विजय सिंह सिंधवाल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

https://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/6/60/Dehradun_Airport_Panoramic_View.jpg