पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव बार्टोशेव्स्की ने भारत की आर्थिक प्रगति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत आज एक मजबूत वैश्विक आर्थिक शक्ति बन चुका है और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
बार्टोशेव्स्की ने कहा कि वर्तमान में भारत जीडीपी के लिहाज़ से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 1.5 अरब की आबादी वाला विशाल उपभोक्ता बाज़ार होने के कारण किसी भी देश के लिए भारत को नज़रअंदाज़ करना संभव नहीं है।
उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुक्त व्यापार समझौता न होने से बेहतर है। टैरिफ को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिक शुल्क का सीधा बोझ आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है, इसलिए शुल्क जितना कम होगा, व्यापार उतना ही लाभकारी होगा।
भारत-पोलैंड व्यापारिक संबंधों पर उन्होंने कहा कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी यानी आईसीटी सेक्टर में दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। भारत की जीडीपी में आईसीटी का योगदान लगभग 9% है, जबकि पोलैंड में यह 7% के आसपास है।
डिजिटल टेक्नोलॉजी और ई-गवर्नेंस को लेकर उन्होंने बताया कि पोलैंड में अधिकतर सरकारी सेवाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं और भारत भी इस क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
सैन्य तकनीक के क्षेत्र में भी पोलैंड कई भारतीय कंपनियों के साथ संयुक्त उत्पादन की संभावनाओं पर बातचीत कर रहा है, जिसमें ‘मेक इन इंडिया’ के तहत सहयोग शामिल है।
ग्रीन टेक्नोलॉजी, जल प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, बायोगैस और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।




Admin






