उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि आज संपूर्ण विश्व सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के महत्त्व को समझ रहा है। इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड सरकार ने दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदी स्टडीज की स्थापना की है, जहां भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों पर शिक्षण व शोध कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज देश में सुरक्षा, सुशासन और विकास के प्रतीक बन चुके हैं। यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि योगी आदित्यनाथ ने इसी क्षेत्र में अपना बचपन बिताया और प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। आज वे देश के सशक्त नेतृत्वकर्ताओं में गिने जाते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की जीवंत मिसाल है। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और प्रदेश की छवि को नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का माध्यम है। सनातन संस्कृति में शिक्षा को जीवन निर्माण का आधार माना गया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार ने पिछले चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करें। जिस क्षेत्र और जिस विद्यालय से योगी आदित्यनाथ जैसे महान व्यक्तित्व निकले हों, वहां के प्रत्येक छात्र में असाधारण बनने की क्षमता है।



Admin






