देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है।
उत्तराखंड सरकार ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व को दर्शाने वाली फिल्म गोदान को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़ा सशक्त संदेश देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय ग्रामीण समाज, संस्कृति और अर्थव्यवस्था की मजबूत धुरी रही है।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, इस तरह की फिल्में समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं और लोगों में सकारात्मक सोच के साथ-साथ संवेदनशीलता भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकता है।
राज्य सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में गोसदनों के विस्तार के साथ-साथ निराश्रित और बेसहारा गोवंश की देखभाल के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा गोपालकों और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनने वाली फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।



Admin






