kotha
post authorAdmin 09 Feb 2026

ऋषिकेश न्यूज़: हिंदू समाज के संगठित होने से ही सशक्त होगा राष्ट्र - विराट हिंदू सम्मेलन में आह्वान.

डोईवाला (ऋषिकेश)। हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को डोईवाला में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हिंदू समाज से संगठित होकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया गया।

रविवार प्रातः ऋषिकेश रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका परिसर में हवन-यज्ञ के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

मुख्य वक्ता संघ के सह विभाग कार्यवाह मनोज ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में हिंदू समाज का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे आने, चरित्रवान नेतृत्व विकसित करने और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

धर्माचार्य राधेश्याम नौटियाल ने कहा कि हिंदू समाज की वास्तविक शक्ति उसकी संस्कृति और परंपराओं में निहित है। आने वाली पीढ़ी को सनातन मूल्यों से जोड़ना समय की मांग है।
डॉ. ममता कुंवर ने मातृशक्ति की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्त होने से समाज स्वतः मजबूत होता है।

कार्यक्रम के दौरान हरज्ञान चंद सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समापन अवसर पर सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

सम्मेलन में विधायक बृजभूषण गैरोला, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नेगी सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।