उत्तराखंड के कोटद्वार से सामने आए एक संवेदनशील मामले ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर उपजे विवाद के बाद चर्चा में आए मोहम्मद दीपक को अब सोशल मीडिया के ज़रिये जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, धमकी देने वालों ने उनके खिलाफ दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की है।
पीड़ित दीपक कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल ट्रेल की गहन जांच की जा रही है और मामले में सख़्त कार्रवाई होगी।
इस पूरे प्रकरण को लेकर जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने राज्य के डीजीपी को पत्र लिखकर मोहम्मद दीपक को तत्काल सुरक्षा देने की मांग की है। संगठन ने बताया कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर व्यापारी की जान बचाई थी। इसके बाद से ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 31 जनवरी को दून और हरिद्वार से आए कुछ लोगों ने कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। संगठन के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने कहा कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बदले उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
जमीअत ने इस पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे नागरिक को निशाना बनाना, जिसने सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का परिचय दिया, देवभूमि उत्तराखंड की शांत छवि को धूमिल करता है। संगठन के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की है कि तोड़फोड़ की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।



Admin






