उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य सरकार अब चारधाम की सहायक सड़कों को भी ऑल वेदर रोड की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी में है। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलते ही इस प्रस्ताव पर तेजी से कार्य शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 से चारधाम और टनकपुर-पिथौरागढ़ सड़क को ऑल वेदर रोड में तब्दील करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इससे पहले बार-बार होने वाले भूस्खलन, संकरी सड़कें और खराब मौसम यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बने रहते थे। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए चारधाम मुख्य मार्गों को 10 मीटर चौड़ी डबल लेन सड़कों में बदला गया।
अब राज्य सरकार का फोकस उन सहायक सड़कों पर है, जो दशकों से चारधाम यात्रा में अहम भूमिका निभाती आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार, इन सड़कों को ऑल वेदर रोड परियोजना में शामिल करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को प्रस्ताव भेजा गया है।
इन मार्गों के डबल लेन होने से न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी आवागमन आसान और सुरक्षित होगा।




Admin






