उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी जिलों में सुबह और रात के समय कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं।
तीन हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी संभव है।
राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सुबह और देर रात दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
फिलहाल मौसम विभाग की ओर से राज्य के लिए किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है।




Admin






